कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल में आज क्षेत्रीय मानव संसाधन अधिकारियों की समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक (औद्योगिक संबंध/सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण ने की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) उपस्थित रहे। बैठक में महाप्रबंधक (ईआरपी) श्री ललित कुमार सिन्हा, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा सहित कोयला भवन मुख्यालय के मानव संसाधन/औद्योगिक संबंध विभाग के अन्य अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों, जारी कार्यवृत्त तथा अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा के साथ की गई। इस दौरान विभिन्न बिंदुओं पर हुई कार्रवाई की स्थिति का जायजा लिया गया तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
संबंधित क्षेत्रों, स्थापनाओं तथा मुख्यालय स्तर पर सीपीआरएमएस-एनई से संबंधित बिलों के त्वरित प्रसंस्करण, संवीक्षा, अनुमोदन एवं भुगतान की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस क्रम में प्रक्रियाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निपटान की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही, कर्मचारी कल्याण के अंतर्गत सेवानिवृत्ति, ग्रेच्युटी भुगतान, दावों के निपटान एवं अन्य विषयों की समीक्षा की गई।
ठेका श्रमिकों के कल्याण एवं वैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के क्रम में सीएमपीएफ एवं ईपीएफ अंशदान की कटौती, समयबद्ध जमा एवं नियमित निगरानी तथा एचपीसी दरों के अनुसार मजदूरी भुगतान की स्थिति का आकलन किया गया। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट वेतन पैकेज के अंतर्गत पात्र ठेका श्रमिकों एवं नियमित कर्मचारियों को शामिल करने, कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा अनुबंधित 10 प्रमुख बैंकों में कर्मचारियों के वेतन खाते स्थानांतरित करने तथा ईआरपी प्रणाली द्वारा चिह्नित लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के मामलों में प्राप्त कार्रवाई रिपोर्टों की समीक्षा की गई।
बैठक में ऑनलाइन ‘नो ड्यूज सर्टिफिकेट’ जारी करने, सहकारी समितियों के संकेतीकरण, नियुक्ति तिथि के निर्धारण एवं कंपनी क्वार्टर खाली कराने संबंधी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुपालन पर भी चर्चा हुई। साथ ही, कोल इंडिया लिमिटेड के हालिया कार्यालय ज्ञापनों एवं उच्चस्तरीय बैठकों में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संबंधित मामलों की नियमित निगरानी के माध्यम से प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, कार्यकुशलता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में विभिन्न मानव संसाधन संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए संबंधित मामलों के प्रभावी निष्पादन, लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन को प्राथमिकता देने पर उपस्थित सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों द्वारा सहमति व्यक्त की गई।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।






































































