रामनगर में सजेगा मां जगदंबा का भव्य दरबार, आकर्षण का केंद्र बनेंगी झांकियां

---Advertisement---

रामनगर में सजेगा मां जगदंबा का भव्य दरबार, आकर्षण का केंद्र बनेंगी झांकियां

आरटीओ चेकपोस्ट के समीप पांच वर्षों से विराज रहीं मां जगदंबा

प्रतिदिन होगा भोग प्रसाद वितरण; ढोल-नगाड़ों के साथ निकलेगी भव्य कलश यात्रा

अनूपपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रामनगर में मां जगदंबा के स्वागत की तैयारियां पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ जारी हैं। आरटीओ चेकपोस्ट के समीप मेन हाईवे स्थित दुर्गा पंडाल में मां जगदंबा का भव्य दरबार सजाया जा रहा है। आकर्षक साज-सज्जा, मनमोहक झांकियों और विशेष प्रकाश व्यवस्था के बीच मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। नव युवा दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगर में उत्सव का माहौल बनने लगा है

नवरात्र के प्रथम दिन मां जगदंबा की स्थापना के अवसर पर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दुर्गा पंडाल से प्रारंभ होकर रामजानकी मंदिर पहुंचेगी, जहां जल भरने के बाद नगर भ्रमण करते हुए खेरदाई ग्राम देवता मंदिर पहुंचेगी। यहां से यात्रा पुनः दुर्गा पंडाल पहुंचकर संपन्न होगी। धार्मिक विधि-विधान के साथ होने वाले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल होंगे

5 वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र बना दुर्गा पंडाल

रामनगर के आरटीओ चेकपोस्ट के समीप पिछले पांच वर्षों से लगातार मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। धीरे-धीरे यह आयोजन क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। रामनगर, डोला, राजनगर, बिजुरी और मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुंचते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। डोला नगर परिषद क्षेत्र में भी नवरात्र के दौरान लगभग 8 से 10 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है। रामनगर का दुर्गा पंडाल भी अपनी सजावट और धार्मिक आयोजनों के कारण श्रद्धालुओं के बीच विशेष पहचान बना रहा है।

आकर्षक झांकियां और विशेष सजावट रहेंगी खास

इस वर्ष दुर्गा पंडाल में आकर्षक झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को विशेष अनुभव प्रदान करने की तैयारी की जा रही है। पंडाल की सजावट, कलात्मक संरचना और रोशनी की विशेष व्यवस्था को लेकर समिति के सदस्य जुटे हुए हैं। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने में समिति के सदस्य भूरालाल कैवर्त सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मां जगदंबा के दरबार को आकर्षक रूप देने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

15 दिन पहले से तैयारियों में जुटे समिति के सदस्य

नव युवा दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि मां जगदंबा के आगमन से लगभग 15 दिन पहले ही नगर के वरिष्ठजनों और युवाओं के साथ तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। सभी सदस्य दिन-रात मेहनत कर आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने में जुटे हैं। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन मां जगदंबा को भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मां के दर्शन, भव्य पंडाल, आकर्षक झांकियों और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। नवरात्र के नौ दिनों तक रामनगर का यह दुर्गा पंडाल श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का प्रमुख केंद्र बना रहेगा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment