मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर निकली रैली

---Advertisement---

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर निकली रैली

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत योग, ध्यान, फ्लैश मोब और नुक्कड़ नाटक का आयोजन

अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के मनोविज्ञान विभाग द्वारा 5 से 10 अक्टूबर तक मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रैली, योग एवं मेडिटेशन प्रशिक्षण, फ्लैश मोब, स्किट तथा शास्त्रीय नृत्य का आयोजन किया गया।

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रैली को विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश प्रताप शुक्ल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों, शिक्षकों सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर तथा विभिन्न नारों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश प्रताप शुक्ल ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण आधार है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से तनाव एवं अन्य मानसिक चुनौतियों के विषय में खुलकर संवाद करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते विशेषज्ञों से सहायता लेने का आह्वान किया।

मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ललित कुमार मिश्र ने मानसिक स्वास्थ्य को व्यक्ति के भावनात्मक, सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक रूप से स्वस्थ रहने की स्थिति बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में जागरूकता, सामाजिक सहयोग और समय पर मनोवैज्ञानिक सहायता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

योगनिद्रा से तनाव प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण

मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अंतर्गत प्रातःकालीन सत्र में विश्वविद्यालय के योग विभाग में योग एवं मेडिटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. हरे राम पाण्डेय ने योगनिद्रा के माध्यम से मानसिक तनाव और भावनात्मक संतुलन के व्यावहारिक प्रबंधन पर व्याख्यान दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को योगनिद्रा का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

फ्लैश मोब और स्किट से दिया मानसिक स्वास्थ्य का संदेश

कार्यक्रम की पूर्वसंध्या पर विश्वविद्यालय परिसर के एलबीआई, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं अंबेडकर पार्क में विद्यार्थियों द्वारा फ्लैश मोब, स्किट और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और जरूरत के समय सहायता लेने जैसे विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रो. जितेंद्र शर्मा, डॉ. संदीप ठाकरे, डॉ. प्रज्ञेश कुमार मिश्र, डॉ. अभय प्रताप सिंह, आर्ष ओजस पाराशर पांडेय सहित शोधार्थियों तथा स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूक एवं सकारात्मक वातावरण निर्माण का प्रयास किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment