शहडोल
शासकीय खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग, ग्रामीणों, खिलाड़ियों एवं समाजसेवियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
शहडोल। जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत रेंसा के ग्राम सेमरपाखा (सिंगटोला) स्थित शासकीय खेल मैदान पर कथित अतिक्रमण और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले को लेकर ग्रामीणों, खिलाड़ियों एवं समाजसेवियों ने कलेक्टर शहडोल को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2017 में शासकीय राशि से ग्राम सेमरपाखा में सार्वजनिक खेल मैदान का निर्माण कराया गया था। इस भूमि को पूर्व में तहसीलदार द्वारा शासकीय एवं सार्वजनिक खेल मैदान के रूप में प्रमाणित भी किया जा चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में खेल मैदान के एक हिस्से पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों एवं युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार खेल मैदान में स्वीकृत आंगनवाड़ी भवन निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों को कुछ लोगों द्वारा जबरन पाट दिया गया। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने की भी शिकायत की गई है। इतना ही नहीं, ट्रैक्टर से खेल मैदान की जुताई कर मैदान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा है
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि उक्त खेल मैदान का उपयोग रेंसा, बनारसी पौंडी, डिड़वाह सहित आसपास की पंचायतों के खिलाड़ी करते हैं तथा यहां युवक सेना, पुलिस एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी भी करते हैं
ग्रामीणों, खिलाड़ियों एवं समाजसेवियों ने कलेक्टर शहडोल से मांग की है कि खेल मैदान से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, शासकीय संपत्ति को हुए नुकसान की जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा खेल मैदान की भूमि को सुरक्षित रखकर खिलाड़ियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।







































































