भारत सरकार के निर्देशानुसार बीसीसीएल में संचालित विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण के अंतर्गत स्वच्छता, सुव्यवस्था, संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं परियोजना कार्यालयों में ई-कचरा संग्रहण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न कार्यालयों एवं परियोजना परिसरों में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े पुराने कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू तथा अन्य आईटी उपकरणों एवं हार्डवेयर को चिह्नित कर एकत्रित किया गया। इस पहल का उद्देश्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को व्यवस्थित रूप से एकत्रित करने के साथ-साथ कार्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और ई-कचरे के पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन एवं निस्तारण को बढ़ावा देना रहा।
वाशरी डिवीजन कार्यालय परिसर में विशेष ई-कचरा संग्रहण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाशरी डिवीजन के प्रणाली विभाग द्वारा शिविर लगाया गया तथा कार्यालय में उपलब्ध अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक एवं आईटी उपकरणों का संग्रहण किया गया। अभियान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखने तथा उसके व्यवस्थित प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसी क्रम में सिजुआ, पश्चिमी झरिया (डब्ल्यूजे) एवं बस्ताकोला क्षेत्रों सहित बीसीसीएल के अन्य क्षेत्रों एवं परियोजना कार्यालयों में भी ई-कचरा संग्रहण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न क्षेत्रों में अनुपयोगी आईटी उपकरणों एवं अन्य ई-कचरे को चिह्नित कर संग्रहित करने की कार्रवाई की गई, जिससे कार्यालयीन परिसरों में अनावश्यक सामग्री को कम करने तथा उपलब्ध स्थान को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में सहायता मिली।
संग्रहित ई-कचरे का नियमानुसार पृथक्कीकरण एवं सुरक्षित तथा पर्यावरण-सम्मत निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके माध्यम से ई-कचरे के अनियंत्रित निस्तारण से होने वाले संभावित पर्यावरणीय प्रभावों को कम करने तथा जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन के साथ यह अभियान बेहतर स्पेस मैनेजमेंट की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। अनुपयोगी उपकरणों एवं अनावश्यक सामग्री को व्यवस्थित रूप से हटाने से कार्यालयीन परिसरों में उपलब्ध स्थान का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकता है तथा कार्यस्थल को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं कार्य-अनुकूल बनाया जा सकता है।
विशेष अभियान 6 के अंतर्गत आयोजित यह पहल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं उत्तरदायी संसाधन प्रबंधन के प्रति बीसीसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ई-कचरे के व्यवस्थित संग्रहण एवं निस्तारण के साथ-साथ इस प्रकार की गतिविधियां अधिकारियों एवं कर्मचारियों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी तथा स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देती हैं।







































































