कोल माइंस बंद होने की अफवाह फैलाकर बाजार बंद कराने पर कांग्रेस पर बरसे भाजपा नेता, बोले- अधिकारियों से पहले लें वास्तविक जानकारी

---Advertisement---

कोल माइंस बंद होने की अफवाह फैलाकर बाजार बंद कराने पर कांग्रेस पर बरसे भाजपा नेता, बोले- अधिकारियों से पहले लें वास्तविक जानकारी

उमरिया। उमरिया स्थित चपहा कोल माइंस के बंद होने की खबरों को भ्रामक बताते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कोल माइंस के अधिकारियों से वास्तविक स्थिति की जानकारी लिए बिना ही कालरी बंद होने की अफवाह फैला रही है और बाजार बंद कराने जैसी राजनीति कर रही है। इससे व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के बीच अनावश्यक भ्रम और भय का माहौल बन रहा है

नेताओ ने कहा कि उमरिया (चपहा) कोल माइंस को पुनर्जीवित करने की दिशा में प्रयास शुरू किए गए हैं। उनके प्रयासों से कोल माइंस के उच्च अधिकारियों का दौरा और खदान का निरीक्षण कराया गया है, ताकि इसकी वर्तमान स्थिति का आकलन कर इसे दोबारा सुचारू रूप से संचालित करने की संभावनाओं पर काम किया जा सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संचालित कोल माइंस को पुनर्जीवित करने की प्रक्रिया में समय लगना स्वाभाविक है। इसी कार्ययोजना के तहत व्यवस्थागत कारणों से कुछ कर्मचारियों का स्थानांतरण भी किया गया है।

कांग्रेस नेताओं से विधायक का सवाल- क्या अधिकारियों से ली वास्तविक जानकारी?

क्षेत्रीय विधायक शिवनारायण सिंह ने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि क्या उन्होंने कोल माइंस की स्थिति को लेकर कभी उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया है? क्या उन्होंने इस संबंध में जिले के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया? नेताओं के अनुसार, कांग्रेस नेताओं ने इन प्रक्रियाओं को अपनाने के बजाय कालरी बंद होने की खबरें फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का रास्ता चुना है।

व्यापारियों पर दबाव बनाकर दुकानें बंद कराना अनुचित:आशुतोष

भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी के द्वारा बाजार बंद कराने की अपील और व्यापारियों पर कथित दबाव को अनुचित बताते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई के भविष्य को लेकर बिना ठोस जानकारी के भ्रम फैलाना शहर के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि उमरिया की अर्थव्यवस्था में कोल माइंस की महत्वपूर्ण भूमिका है और इससे जुड़े कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार भी प्रभावित होता है। ऐसे में कालरी बंद होने की अपुष्ट खबरों से व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच अनावश्यक चिंता पैदा हो सकती है।

पुनर्जीवन की प्रक्रिया पूरी होने पर सामान्य संचालन का दावा:मिथलेश

भाजपा के वरिष्ठ नेता मिथिलेश पयासी ने कहा कि चपहा कोल माइंस को पुनर्जीवित करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पुनर्जीवन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उमरिया कोल माइंस का संचालन पहले की तरह निरंतर शुरू किया जा सकेगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे किसी भी तरह का आंदोलन या निर्णय लेने से पहले कोल माइंस के उच्च अधिकारियों से पत्राचार कर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कोल माइंस बंद होने की अफवाह फैलाकर लोगों को डराना और व्यापारियों पर दुकानें बंद करने का दबाव बनाना उचित नहीं है। उन्होंने सभी पक्षों से अपील की है कि वे शहर के रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े इस विषय पर तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखें, ताकि आम जनता के बीच किसी तरह का अनावश्यक भ्रम न फैले

कौशल विश्वकर्मा,
जिला मीडिया प्रभारी भाजपा,जिला उमरिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment