गांधी जयंती पर कांग्रेस की बैठक, संगठन को मजबूत करने और गांधी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

जमुना कोतमा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बदरा-जमुना के तत्वावधान में 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका पसान क्षेत्र में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू मिश्रा के निवास पर बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पमाला अर्पित की गई। इसके बाद संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता रमेश सिंह ने की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू मिश्रा सहित शिवराज दत्त त्रिवेदी, रमेश कुशवाहा, अशरफ अली, मंजू मिश्रा, नूपुर चटर्जी, महेंद्र त्रिपाठी, संजय सिंह, धर्मेंद्र राही, फारूक बेग, लक्ष्मण यादव, केदार सिंह, भरत सिंह, देवराज परिहार, रामखेलावन पांडे, मुजिबुल हक, बिलाल, सरजीत वीर, सुख विधान साहू, मोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक : रमेश सिंह
पूर्व प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और जनसेवा के माध्यम से देश को नई दिशा दी। गांधी के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांधी के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए आमजन की समस्याओं के लिए लगातार काम करना चाहिए। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को उठाने की बात कही।
गांधी के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प : नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना
ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना ने कहा कि गांधी जयंती केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों और सिद्धांतों को जीवन में उतारने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन और देश निर्माण से जुड़ा रहा है। कार्यकर्ताओं को गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं की एकजुटता से मजबूत होगा संगठन : गुड्डू मिश्रा
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू मिश्रा ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह बैठक कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच पहुंचें और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में भाईचारा, शांति और सद्भाव कायम रखने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। बैठक के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया







































































