सेवा और समर्पण को सलाम, सीसीएल ने सेवानिवृत्त कर्मियों को दी सम्मानपूर्ण विदाई
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, रांची में आज एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सितंबर, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 08 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 84 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं एवं स्मृतियां साझा कीं।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के नाम इस प्रकार हैं- श्रीमती सुचंद्रा सिन्हा, महाप्रबंधक(ई एंड एम), ई एंड एम विभाग; श्री संतोष कुमार सिंह, महाप्रबंधक(ई एंड टी), ई एंड टी विभाग; श्री रंधीर कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक(वित्त), सतर्कता विभाग; श्री गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक(मानव संसाधन), समाधान सेल विभाग; श्री आदिल हुसैन, प्रबंधक(खेल), कल्याण विभाग; श्री अनिल कुमार सहनी, ओ. एस, ग्रेड-A1, प्रशासन विभाग; श्री कमलेश पंडित, मुख्य फार्मासिस्ट, गांधी नगर अस्पताल एवं श्री मोहन तांती, चपरासी (चिकित्सा विभाग)।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमडी, सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक(वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक(मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीएमडी, सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके वर्षों के अनुभव, मेहनत और समर्पण ने सीसीएल की कार्यसंस्कृति और प्रगति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर उनके सेवाकाल को सम्मानपूर्वक स्मरण करने के साथ-साथ उनके अनुभवों और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने परिवार के साथ सुखद एवं संतोषपूर्ण जीवन का आनंद लें और स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।


































































