‘अपनी चौखट, अपना कचरा’ से गूंजा स्वच्छता का संदेश, एसईसीएल ने नुक्कड़ नाटक से जगाई जागरूकता
सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, स्कूली बच्चों ने वॉकथॉन के जरिए दिया स्वच्छ पर्यावरण का संदेश

बिलासपुर। स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं विशेष अभियान 6 के तहत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा 29 सितंबर को मुख्यालय परिसर बिलासपुर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य जांच शिविर और स्वच्छता जागरूकता वॉकथॉन के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
एसईसीएल मुख्यालय परिसर में ‘अपनी चौखट अपना कचरा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने तथा अपने घर और कार्यस्थल के साथ आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना चाहिए। ‘अपनी चौखट अपना कचरा’ की अवधारणा के जरिए स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से करने तथा स्वच्छ परिसर के निर्माण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सफाई मित्रों की हुई स्वास्थ्य जांच
स्वच्छता अभियान के साथ एसईसीएल ने सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की भी चिंता की। वसंत विहार स्थित पिंक डिस्पेंसरी में सफाई मित्रों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
शिविर में सफाई कर्मियों की चिकित्सकीय जांच की गई। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। एसईसीएल की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में प्रतिदिन योगदान देने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ उनके प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश देना रहा।
बच्चों ने वॉकथॉन से जगाई स्वच्छता की अलख
इसी क्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार, बिलासपुर में स्वच्छता जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
बच्चों की सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के प्रति नई पीढ़ी में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। वॉकथॉन ने स्वच्छ वातावरण के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका को भी रेखांकित किया।
2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’, अक्टूबर में विशेष अभियान 6
एसईसीएल द्वारा बताया गया कि स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। वहीं विशेष अभियान 6 का मुख्य कार्यान्वयन चरण 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य शिविर और वॉकथॉन जैसी गतिविधियों के माध्यम से एसईसीएल ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा और बच्चों की सक्रिय सहभागिता को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है।


































































