पीडीएस दुकान से 44 कट्टी चावल और 11 बोरी शक्कर चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

पीडीएस दुकान से 44 कट्टी चावल और 11 बोरी शक्कर चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

साइबर सेल और चरचा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, आरोपी के हिस्से का 7 कट्टी चावल और एक बोरी शक्कर बरामद

कोरिया। शासकीय उचित मूल्य दुकान से पीडीएस चावल और शक्कर चोरी के मामले का चरचा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसके हिस्से में आये 7 कट्टी चावल और एक बोरी शक्कर बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत चरवापारा के छरछा बस्ती में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक ईश्वर चन्द्र साहू ने 5 अगस्त 2026 को थाना चरचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 और 4 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर वहां रखे 44 कट्टी पीडीएस चावल और 11 बोरी शक्कर चोरी कर लिया है।
रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत धारा 305(ई), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह और एसडीओपी आशा सेन के निर्देशन में साइबर सेल और थाना चरचा की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कुडेली के हाट बाजार में एक व्यक्ति सोसायटी का पीडीएस चावल लाकर बेचने के लिये ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धरमपुर थाना भटगांव जिला सूरजपुर निवासी हीराधन देवांगन को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर छरछा बस्ती स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला तोड़कर चावल और शक्कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किये गये राशन को सफेद रंग के बोलेरो वाहन क्रमांक CG 16 CR 8125 से परिवहन कर अलग अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया गया था। आरोपी की निशानदेही पर उसके हिस्से में आये 7 कट्टी चावल और एक बोरी शक्कर बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिये टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, प्रधान आरक्षक अमित त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, आरक्षक अमल कुजूर, सजल जायसवाल, प्रदीप साहू, अमरशानंद ठाकुर और सैनिक विकास सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment