यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल, युवा व्यवसायी ने पुलिस को भेंट किये 10 व्हील लॉक
मनेन्द्रगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित और सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर की प्रतिष्ठित फर्म लालजीमल खुशीराम के युवा व्यवसायी अमित्र्यांश अग्रवाल पिता सचिन अग्रवाल ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने शहर में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों पर कार्यवाही और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में पुलिस की मदद के उद्देश्य से 10 नग टायर लॉक (व्हील लॉक) सिटी कोतवाली पुलिस को प्रदान किये हैं।
शहर में बाजार और प्रमुख मार्गों पर कई बार वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित स्थान के बजाय सड़क के किनारे अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ ही वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे वाहनों पर कार्यवाही के दौरान व्हील लॉक पुलिस के लिये उपयोगी साबित होंगे।
अमित्र्यांश अग्रवाल द्वारा उपलब्ध कराये गये व्हील लॉक का उपयोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही में किया जा सकेगा। इससे ना केवल यातायात व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस को सहयोग मिलेगा बल्कि वाहन चालकों में भी नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ेगी
शहरवासियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। इस दृष्टि से युवा व्यवसायी द्वारा पुलिस प्रशासन को यातायात नियंत्रण के लिये आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सकारात्मक और अनुकरणीय पहल है
पुलिस प्रशासन ने भी इस सहयोग के लिये अमित्र्यांश अग्रवाल और उनके परिवार का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये नागरिकों और व्यापारिक संस्थानों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उपलब्ध कराये गये व्हील लॉक का उपयोग नियम विरुद्ध और बेतरतीब पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही में किया जायेगा
इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में पुलिस को और अधिक सुविधा मिलेगी तथा वाहन चालकों में भी यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी।


































































