कोयला डस्ट और कीचड़ से बेहाल सड़कों पर गोंगपा का अल्टीमेटम
दस दिन में समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम की चेतावनी
रिपोर्टर भरत मिश्रा, कोतमा
कोतमा। कोयलांचल क्षेत्र की जर्जर सड़कों, कीचड़ और कोयले की डस्ट की समस्या को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि कोयले से भरे भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण क्षेत्र की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बारिश के दौरान सड़कों पर बने गड्ढों में कीचड़ भर जाने से आम नागरिकों के साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोंगपा ने कहा कि सड़क पर जमा कीचड़ के कारण बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। वहीं, कोयले की डस्ट से सड़क और आसपास के क्षेत्रों में धूल की समस्या बनी हुई है। कालरी प्रबंधन और प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने पर पार्टी ने नाराजगी जताई।
ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि दस दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी।
प्रशासन और एसईसीएल के बीच हुई चर्चा
ज्ञापन के बाद प्रशासन एवं जमुना कोतमा एसईसीएल महाप्रबंधक के बीच बैठक हुई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि वार्ड क्रमांक 10 से पयारी होते हुए आमाडांड़ तक खराब सड़क के मरम्मत कार्य की शुरुआत सितंबर में की जाएगी और दिसंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
इसके अलावा दारसागर तिराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने, स्थानीय युवाओं को उनकी कौशल क्षमता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने तथा कोतमा नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 10 में जमुना कालरी की ओर जाने वाली सड़क पर जंगल के पास मरम्मत कार्य कराने पर भी चर्चा हुई। कालरी प्रबंधन द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात भी कही गई है।


































































