शिक्षक दिवस पर जमुना कॉलरी विद्यालय में गूंजा गुरुवंदन

---Advertisement---

शिक्षक दिवस पर जमुना कॉलरी विद्यालय में गूंजा गुरुवंदन

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया सम्मान और आभार

जमुना कॉलरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुना कॉलरी में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यालय परिसर में गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अवधराज सिंह सोलंकी ने भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मां सरस्वती की वंदना एवं गुरु वंदना प्रस्तुत की।

श्रीफल, पेन और उपहार देकर शिक्षकों का किया सम्मान

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय के शिक्षकों का श्रीफल, पेन एवं उपहार भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। विद्यार्थियों ने अपने संबोधन में शिक्षकों को जीवन का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु के महत्व, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा शिक्षक-विद्यार्थी के संबंधों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया।

प्राचार्य ने किया शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य अवधराज सिंह सोलंकी द्वारा विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया गया। उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री सोलंकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन, संस्कार एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाते हुए अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में श्रीमती सुचिता शर्मा, महेश प्रसाद मिश्रा, अमित कुमार राहा, श्रीमती विमला द्विवेदी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment