जगन्नाथ पुरी के शिवभक्तों ने किया मां नर्मदा का पूजन,
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ अमरकंटक
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में आज रविवार को उड़ीसा के पवित्र तीर्थ क्षेत्र भगवान जगन्नाथ पुरी से पहुंचे सैकड़ों शिवभक्त श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के उद्गम स्थल में दर्शन-पूजन कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की । पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष करते हुए नर्मदा तट पहुंचे , जहां उन्होंने विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा-अर्चना एवं परिक्रमा की ।
श्रद्धालुओं के भक्ति गीतों से नर्मदा तट का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा । उन्होंने मां नर्मदा से सुख , शांति और समृद्धि की कामना करते हुए भगवान अमरकंठ महादेव एवं जालेश्वर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक भी किया ।
इन दिनों उड़ीसा के बरगढ़ , भुवनेश्वर , राउरकेला तथा जगन्नाथ पुरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक पहुंच रहे हैं । विशेष रूप से महिला-पुरुष श्रद्धालु अपने पारंपरिक परिधानों में समूहबद्ध होकर भजन-कीर्तन करते हुए पहुंच रहे हैं , जिससे अमरकंटक का वातावरण शिवमय और धर्ममय बना हुआ है ।
श्रद्धालुओं ने कहा कि मां नर्मदा के उद्गम स्थल के दर्शन और भगवान शिव के पावन धामों में पूजा-अर्चना करना उनके जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण है । मां नर्मदा के दर्शन से उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक शांति और आत्मिक संतोष की प्राप्ति हुई ।



























































