अमरकंटक से बामनगढ़ बमलेश्वर धाम तक निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

---Advertisement---

अमरकंटक से बामनगढ़ बमलेश्वर धाम तक निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

24 अगस्त को मां नर्मदा उद्गम मंदिर से होगा शुभारंभ , श्रावण मास में आस्था और शिवभक्ति का अद्भुत संगम

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रावण मास के पावन अवसर पर 24 अगस्त 2026 को एक विशाल एवं भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है । यह धार्मिक यात्रा अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर से प्रारंभ होकर बामनगढ़ बमलेश्वर धाम तक पहुंचेगी , जहां श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन करेंगे ।

नर्मदांचल वीर शिवाजी युवा संगठन एवं हीरा सिंह श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है । आयोजकों के अनुसार यात्रा में अमरकंटक सहित अनूपपुर , डिंडोरी , कबीरधाम एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं कांवड़िए शामिल होंगे ।

श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है । इसी कड़ी में श्रद्धालु मां नर्मदा के उद्गम स्थल से पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बामनगढ़ बमलेश्वर धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे । पूरी यात्रा के दौरान “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय मां नर्मदा” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा ।

कार्यक्रम में प्रातः 7 बजे अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ होगा । श्रद्धालु मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ करेंगे । इसके बाद दोपहर 1 बजे पोड़की में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था रहेगी । शाम 4 बजे दोनिया तिराहा में पुनः जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है । इसके पश्चात शाम 5 बजे बामनगढ़ बमलेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक , पूजन एवं आरती की जाएगी ।

आस्था , संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक

कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक समरसता , अनुशासन और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक मानी जाती है । अमरकंटक की पावन धरती से निकलने वाली यह यात्रा क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगी ।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया है ।
श्रावण मास के अंतिम श्रावण सोमवार में आयोजित यह भव्य कांवड़ यात्रा अमरकंटक से प्रतिवर्ष हीरा सिंह श्याम के तत्वाधान में निकाली जाती है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment