कृषि चेतना समागम 2026 में गूंजा कृषि अधिकारियों की एकता का संकल्प

---Advertisement---

कृषि चेतना समागम 2026 में गूंजा कृषि अधिकारियों की एकता का संकल्प

प्रांतीय अध्यक्ष लिखेश वर्मा के नेतृत्व में एमसीबी और कोरिया के कृषि अधिकारियों का संवाद

मैदानी समस्याओं, लंबित मांगों और संगठन की मजबूती पर हुआ सार्थक मंथन

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष लिखेश वर्मा और प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्यों के दो दिवसीय सरगुजा संभाग प्रवास के अंतर्गत रविवार को जिला मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में “कृषि चेतना समागम 2026” का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया।
अमृत सदन जनपद पंचायत सभाकक्ष मनेन्द्रगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला एमसीबी और कोरिया के कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रांतीय नेतृत्व और मैदानी स्तर पर कार्यरत कृषि अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, समस्याओं को साझा करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं एकजुट बनाने की दिशा में सामूहिक रणनीति तैयार करना रहा।

मैदानी समस्याओं पर खुलकर हुआ संवाद

कार्यक्रम में कृषि अधिकारियों ने वर्तमान समय में मैदानी स्तर पर कार्य करते हुए सामने आ रही विभिन्न व्यावहारिक और विभागीय समस्याओं, कार्यभार, संसाधनों तथा कार्य निष्पादन से जुड़ी चुनौतियों को प्रांतीय नेतृत्व के समक्ष रखा।
प्रांतीय अध्यक्ष लिखेश वर्मा ने सभी अधिकारियों की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा कहा कि मैदानी स्तर पर कार्यरत कृषि अधिकारी ही शासन की कृषि योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिये उनकी कार्यगत समस्याओं एवं जायज मांगों को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक मजबूती से पहुंचाना आवश्यक है।

लंबित मांगों एवं संवर्गीय हितों पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान संघ की लंबित मांगों, संवर्गीय हितों और अधिकारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रांतीय नेतृत्व द्वारा संगठन की अब तक की गतिविधियों और मांगों के संबंध में उपस्थित सदस्यों को जानकारी दी गई तथा आगामी समय में मांगों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार विमर्श किया गया।

संगठन मजबूत होगा, तो आवाज और मजबूत होगी

बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं अनुशासित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रांतीय अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी कृषि अधिकारियों से आपसी समन्वय, संवाद और एकजुटता बनाये रखने का आह्वान किया।
इस दौरान यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी और एकता में निहित है। सभी सदस्यों ने संवर्गीय हितों और संगठन की मजबूती के लिये मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एमसीबी में प्रांतीय नेतृत्व का प्रथम ऐतिहासिक संवाद

जिला एमसीबी में प्रांतीय अध्यक्ष और प्रांतीय कार्यकारिणी का यह प्रथम ऐतिहासिक आगमन एवं संवाद कार्यक्रम कृषि अधिकारियों के लिये विशेष महत्व रखता है। कार्यक्रम ने प्रांतीय नेतृत्व और मैदानी अधिकारियों के बीच संवाद की एक नई कड़ी स्थापित की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला एमसीबी और कोरिया के कृषि अधिकारियों द्वारा प्रांतीय अध्यक्ष लिखेश वर्मा और प्रांतीय कार्यकारिणी के समस्त सदस्यों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये उपस्थित अधिकारियों ने आयोजक टीम का आभार व्यक्त किया। उक्ताशय की जानकारी छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांतीय कार्यालयीन सचिव और जिलाध्यक्ष एमसीबी दीपक कुमार साहू द्वारा दी गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment