अनूपपुर 22 अगस्त 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी के ई-दक्ष केन्द्र में 19 से 21 अगस्त 2026 को कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय कर्मयोगी की अवधारणा एवं सफलता के लिए राष्ट्रीय कर्मयोगी के कर्तव्य, दायित्व एवं कार्यप्रणाली तथा ‘कर्मयोगी क्षण’ सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में शासकीय सेवकों को कर्तव्यनिष्ठा, उत्तरदायित्व, कार्य के प्रति समर्पण तथा नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के निर्देशन एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री आनंद मोहन मिश्रा एवं श्री संतोष कुमार तिवारी सहित जिला शिक्षा केन्द्र के श्री सामंत वर्मा, व्याख्याता पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं दक्षता में वृद्धि करते हुए उन्हें जनहित एवं जनसेवा के प्रति अधिक संवेदनशील, उत्तरदायी एवं कर्तव्यनिष्ठ बनाना रहा।











































