लगातार बारिश के बीच भरभराकर गिरी 20 फीट लंबी बाउंड्रीवॉल, टला बड़ा हादसा
रिपोर्टर अजय ताम्रकार, कोतमा
कोतमा। नगर के वार्ड क्रमांक 5 में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार शाम एक बाउंड्रीवॉल अचानक भरभराकर गिर गई। पूर्व पार्षद श्रीमती रानी सिंह के घर के पीछे बनी करीब 20 फीट लंबी और 7 फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल के अचानक गिरने से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7 बजे रानी सिंह पति मिंटू सिंह के मकान के पीछे स्थित बाउंड्रीवॉल अचानक तेज आवाज के साथ धराशायी हो गई। लगातार बारिश के कारण दीवार की नींव कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। दीवार का मलबा सड़क पर आ जाने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ और रास्ते में जाम जैसी स्थिति बन गई।
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। बारिश के कारण उस समय सड़क पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सामान्य दिनों की तरह सड़क पर अधिक आवागमन होता तो दीवार की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था।
लगातार बारिश से कमजोर निर्माणों पर खतरा
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसका असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। लगातार बारिश के कारण पुराने मकानों, जर्जर दीवारों और कमजोर निर्माणों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। वार्ड क्रमांक 5 में ही कुछ दिन पूर्व एक मकान की छत का हिस्सा अचानक गिर गया था। इस घटना में नीचे खड़ी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
एक के बाद एक सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए नगरवासियों ने पुराने एवं जर्जर मकानों तथा कमजोर बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण कराने की जरूरत बताई है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान कमजोर निर्माण कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। ऐसे स्थानों पर समय रहते आवश्यक सावधानी बरतने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुरक्षित कराने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों ने नगर निकाय से भी मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए नगर के ऐसे मकानों और निर्माणों का निरीक्षण कराया जाए, जहां जर्जर दीवारों या कमजोर संरचनाओं के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, ताकि समय रहते संभावित हादसों को टाला जा सके।











































