5 दिन बाद बदला ट्रांसफार्मर, बहाल हुई बिजली; ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
रिपोर्टर अजय ताम्रकार, कोतमा
कोतमा। नगर के समीप पैरीचुआ पंचायत के नवाटोला सहित उप स्वास्थ्य केंद्र में पांच दिनों से ठप बिजली आपूर्ति आखिरकार बहाल हो गई। विद्युत विभाग की टीम ने गुरुवार को नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली सप्लाई शुरू कर दी। बिजली बहाल होने से करीब 50 घरों के ग्रामीणों सहित उप स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मियों ने राहत की सांस ली।
सहायक अभियंता आशुतोष चंद्रा एवं कनिष्ठ अभियंता लालमणि प्रजापति के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गुरुवार दोपहर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। शाम होते-होते बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।
बताया गया कि बीते शनिवार को ट्रांसफार्मर फेल होने के बाद नवाटोला के कई वार्डों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी। लगातार कई दिनों तक बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही थी। कई लोग रातभर जागकर समय बिताने को मजबूर थे।
स्वास्थ्य केंद्र की सेवाएं भी हुईं प्रभावित
बिजली संकट का असर नवाटोला स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी पड़ा। उपचार के लिए आने वाले मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं परिसर में रहने वाली एएनएम को रात के समय अंधेरे के कारण असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा था।
करीब पांच दिन बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों और स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने राहत महसूस की है।











































