अनूपपुर 18 अगस्त 2026/ नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण और शासकीय सेवाओं को आमजन के लिए अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को निर्धारित स्थानों पर शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का निराकरण किया जा रहा है।
इसी क्रम में 21 अगस्त 2026 को किरगी जनपद हॉल, पुष्पराजगढ़ में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नगर पालिका परिषद अमरकंटक, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़, तहसील पुष्पराजगढ़, थाना पुष्पराजगढ़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर शिविर में उपस्थित होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन एवं अपनी बात रख सकेंगे।
अभियान के तहत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार संबंधित क्षेत्र के शासकीय कार्यालयों एवं सेवा प्रदाता केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। इसके अलावा स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, राशन दुकान, पुलिस थाना सहित अन्य शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्यवाही की जाएगी।
शिविर के सुचारू संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री हरिश्चंद्र द्विवेदी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी लंबित समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए शिविर में उपस्थित होकर अभियान का लाभ उठाएं।





































