40 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का जोरदार प्रदर्शन
सैकड़ों महिला-पुरुष श्रमिकों ने भरी हुंकार, महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

जमुना-कोतमा। भारतीय मजदूर संघ जमुना-कोतमा क्षेत्र द्वारा 18 अगस्त 2026 को श्रमिकों की 40 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में क्षेत्र की विभिन्न खदानों एवं इकाइयों से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रमिक, श्रमिक संघ के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रबंधन से समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। प्रदर्शन के बाद भारतीय मजदूर संघ जमुना-कोतमा क्षेत्र के महामंत्री रोशन उपाध्याय के नेतृत्व में महाप्रबंधक को 40 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया

ज्ञापन में केवई नदी से गोविंदा फिल्टर प्लांट तक 14 इंच की नई पाइप लाइन बिछाने, क्षेत्र में मॉडल जिम का निर्माण कर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों का अन्य क्षेत्र में स्थानांतरण नहीं करने की मांग की गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र से बाहर उन्हीं श्रमिकों का स्थानांतरण किया जाए, जो स्वेच्छा से आवेदन देकर स्थानांतरण कराना चाहते हैं

श्रमिक संगठन ने क्षेत्र में लंबित पदोन्नतियां तत्काल जारी करने तथा आने वाले बजट के तुरंत बाद पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। श्रमिक आवासों में मच्छर जाली एवं जाली फ्रेम नहीं होने पर फ्रेम सहित नई जाली लगाने, खिड़की-दरवाजे नए लगाने तथा सभी श्रमिक आवासों में लगे सीलिंग फैन बदलकर नए पंखे लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। भालूमाड़ा एवं गोविंदा में घोषित बिजली कटौती बंद करने तथा क्षेत्र की कॉलोनियों में श्रमिक आवासों की पुताई कराने की मांग की गई है
ज्ञापन में क्षेत्र के श्रमिक आवासों में लगे ओवरहेड टैंक एवं सेप्टिक टैंक की सफाई कराने, रीजनल स्टोर जमुना कॉलरी में झाड़ी कटाई एवं सफाई कराने तथा सभी फिल्टर प्लांटों में पर्याप्त श्रम शक्ति उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। जमुना कॉलरी के डंप स्टोरी स्थित नाले की सफाई कराने और क्षेत्र की समस्त कॉलोनियों में खाली पड़े एवं टूटे-फूटे आवासों के आगे-पीछे उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों एवं गंदगी के अंबार की तत्काल सफाई कराने पर भी जोर दिया गया।
कॉलोनियों को पानी की सप्लाई करने वाली बड़ी-बड़ी ओवरहेड टंकियों की जर्जर स्थिति को सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल सुधारने अथवा नई टंकी बनाने की मांग की गई है। अमाडांड ओसीपी में गमछा, टॉर्च, रेनकोट एवं चमड़े का जूता उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में कार्यरत सभी विद्युत फिटर को कैश हेलमेट देने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई है।
संगठन ने क्षेत्र में कार्यरत सर्वेयरों की भर्ती एवं पदोन्नति सुधार के उपरांत उनके एरियर्स का भुगतान कराने की मांग की है। क्षेत्रीय चिकित्सालय में अतिरिक्त पुरुष एवं महिला ड्रेसर, स्पेशलिस्ट डॉक्टर एवं पैरा मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने तथा मरीजों के लिए नए बेड लगाने के साथ कंबल, स्टूल एवं डेस्क उपलब्ध कराने की मांग की गई है। भर्ती होने वाले मरीजों के लिए ड्रेस कोड बनाकर प्रत्येक मरीज को साफ-सुथरा ड्रेस देने और प्रतिदिन ड्रेस बदलने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
क्षेत्रीय चिकित्सालय के वार्ड में टेलीविजन लगाने, जमुना सामुदायिक भवन, भदरा सामुदायिक भवन एवं गोविंदा वर्क्स क्लब का जीर्णोद्धार कराने तथा चिकित्सालय में कार्यरत नीलम यादव का काटा गया पैसा वापस करने की मांग ज्ञापन में शामिल है। मदरा 7/8 खदान, क्षेत्रीय कार्यशाला कोतमा कॉलरी, जमुना कॉलरी एवं महाप्रबंधक कार्यालय का रविवार का कार्यदिवस चालू करने की मांग भी संगठन ने उठाई है।
क्षेत्र के सभी फिल्टर प्लांट के रॉ वाटर टैंक की सफाई, क्षेत्रीय चिकित्सालय में ऑटोएनालाइजर ब्लड टेस्ट मशीन तत्काल लगाने तथा चिकित्सालय में मुर्दाघर बनवाने की मांग की गई। अमाडांड ओसीएम में अतिरिक्त क्रेन उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र की बरतराई खदान में कार्यरत स्टाफ एवं कामगारों का वर्षों से लंबित पीएस-5 भेजकर पीएफ की राशि समायोजित कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई है। इसके अलावा क्षेत्र की समस्त कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया।
श्रमिकों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता : ताराचंद यादव
भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता ताराचंद यादव ने कहा कि जमुना-कोतमा क्षेत्र का श्रमिक अपनी मेहनत और पसीने से कोयला उत्पादन को गति देता है, लेकिन जब उसके मूलभूत अधिकारों और सुविधाओं की बात आती है तो उसे लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। श्रमिकों के आवास, अस्पताल, पेयजल, बिजली, सुरक्षा, पदोन्नति और एरियर्स जैसी समस्याएं अब किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे श्रमिक समाज की आवाज बन चुकी हैं। 40 सूत्रीय मांगें श्रमिकों के अधिकार और सम्मान से जुड़ी हैं। प्रबंधन को इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। यदि समस्याओं को टालने का प्रयास किया गया तो श्रमिकों की एकजुटता और मजबूत होगी
अब आश्वासन नहीं, मांगों का समाधान चाहिए : रोशन उपाध्याय
जमुना-कोतमा क्षेत्र के महामंत्री रोशन उपाध्याय ने कहा कि आज का प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र का मजदूर अपने अधिकारों के लिए पूरी तरह एकजुट है। 40 सूत्रीय मांगों में श्रमिकों की रोजमर्रा की समस्याओं से लेकर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, आवास, बिजली, पदोन्नति, एरियर्स और कार्यस्थल की सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं श्रमिक वर्षों से उत्पादन में अपना योगदान दे रहे हैं, इसलिए उन्हें बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है संगठन ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें प्रबंधन के सामने रखी हैं और अब इन मांगों पर ठोस कार्रवाई की अपेक्षा है
उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन देकर श्रमिकों की समस्याओं को लंबे समय तक टाला नहीं जा सकता भारतीय मजदूर संघ श्रमिक हितों के लिए हमेशा संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। यदि 40 सूत्रीय मांगों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन को और व्यापक करेगा श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा आज का प्रदर्शन प्रबंधन के लिए स्पष्ट संदेश है कि जमुना-कोतमा का श्रमिक अपनी मांगों के लिए पूरी ताकत के साथ खड़ा है
श्रमिक हितों से कोई समझौता नहीं : संजय सिंह
भारतीय मजदूर संघ के एरिया उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर संगठन लंबे समय से आवाज उठा रहा है खदानों में कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ आवास, पर्याप्त पेयजल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है अब समय आ गया है कि लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए भारतीय मजदूर संघ प्रत्येक श्रमिक के अधिकार के लिए मजबूती से खड़ा है और समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा
अब आश्वासन नहीं, जमीन पर परिणाम चाहिए : विजय सिंह
जमुना-कोतमा क्षेत्र के अध्यक्ष विजय सिंह ने तीखे स्वर में कहा कि श्रमिकों को लंबे समय से आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा 40 सूत्रीय मांगों पर कागजों में कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीन पर परिणाम दिखाई देना चाहिए श्रमिकों के हक, सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा यदि प्रबंधन ने श्रमिकों की आवाज को नजरअंदाज किया तो भारतीय मजदूर संघ और अधिक ताकत के साथ आंदोलन करेगा आज सैकड़ों महिला-पुरुष श्रमिकों की मौजूदगी ने साबित कर दिया है कि जमुना-कोतमा का मजदूर एकजुट है और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से निर्णायक संघर्ष करने को तैयार है
इनकी रही विशेष मौजूदगी
प्रदर्शन के दौरान ताराचंद यादव, संजय सिंह, विजय सिंह, रोशन उपाध्याय, सरजू केवट, केके तिवारी, कमलभान मिश्रा, फ्रांसिस एंथोनी, शारदा शर्मा, आलोक चौबे, दीपक विश्वकर्मा, आकाश तोमर, शुभम तिवारी, पंकज कुमार, अनिल साहू, पवन कुमार एवं पवन सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में श्रमिक, महिला-पुरुष कर्मचारी एवं श्रमिक संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे
सैकड़ों श्रमिकों की भारी मौजूदगी और जोरदार प्रदर्शन को भारतीय मजदूर संघ ने सफल बताया संगठन ने संकेत दिया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा





































