सीएमपीडीआई में तीन माह का सतर्कता जागरूकता अभियान शुरू
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर चलेगा अभियान, पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत करने पर जोर

रांची, 17 अगस्त। केंद्रीय खनन एवं योजना एवं डिजाइन संस्थान (सीएमपीडीआई) में केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशों के तहत सोमवार से त्रैमासिक ‘प्रिवेंटिव विजिलेंस कैंपेन-2026’ का शुभारंभ किया गया। अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर चलेगा। इसका उद्देश्य संस्थान में पारदर्शिता, जवाबदेही, ईमानदारी और कार्यक्षमता को मजबूत करना है।
अभियान की शुरुआत जागरूकता बैठक से हुई। कार्यक्रम में सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह, निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/ईएस) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) नृपेन्द्र नाथ, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी, बीडी) आनंद मोहन, सीएमपीडीआई एवं सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, महाप्रबंधक (सतर्कता) अमरेश कुमार सहित महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय संस्थानों के प्रतिनिधि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
कार्यक्रम की शुरुआत कोल इंडिया के कॉरपोरेट गीत से हुई। इसके बाद अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक चौधरी शिवराज सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से नैतिक आचरण, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई गई।
इस अवसर पर चौधरी शिवराज सिंह और कार्यकारी निदेशकों ने संस्थान में सतर्कता एवं नैतिक कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और कांट्रैक्ट मैनेजमेंट को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
अभियान के दौरान पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें लंबित शिकायतों का निपटारा, लंबित मामलों का समाधान, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, डिजिटल पहल और अनुबंध प्रबंधन शामिल हैं।
मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने सतर्कता के प्रति सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए शिकायतों एवं मामलों के समयबद्ध समाधान, आंतरिक प्रणालियों को मजबूत करने और सतर्कता जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
अभियान की पहुंच व्यापक बनाने के लिए समुदाय आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान और विभिन्न स्कूलों में छात्र प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
सीएमपीडीआई ने कहा कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम संगठन के सतत विकास और राष्ट्रीय विकास में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक शासन की भूमिका को रेखांकित करती है। निवारक सतर्कता अभियान के माध्यम से संस्थान ने अपनी सभी गतिविधियों में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।




































