सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि’ का संकल्प: एसईसीएल की 62वीं द्विपक्षीय सुरक्षा समिति बैठक में शून्य दुर्घटना लक्ष्य पर मंथन

---Advertisement---

‘सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि’ का संकल्प: एसईसीएल की 62वीं द्विपक्षीय सुरक्षा समिति बैठक में शून्य दुर्घटना लक्ष्य पर मंथन

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय स्थित वसंत क्लब में बुधवार को 62वीं कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों ने “सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि” के संकल्प को दोहराते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने तथा “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से हासिल करने का संकल्प लिया। द्विपक्षीय सुरक्षा समिति को एसईसीएल में सुरक्षा संबंधी विषयों पर प्रबंधन एवं श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद का सर्वोच्च मंच माना जाता है।

बैठक की अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) प्रकाश राय के स्वागत उद्बोधन से हुआ।

अपने संबोधन में एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी अधिकारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी से विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर ही दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।

निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि आधुनिक तकनीक, सतत प्रशिक्षण और सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन, जोखिमों की समय पर पहचान और निरंतर सुधार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

बैठक में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के सुरक्षा प्रदर्शन, वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था और भावी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। चर्चा के दौरान जोखिम न्यूनीकरण, बेहतर समन्वय, सुरक्षा जागरूकता अभियान और कर्मचारियों के नियमित प्रशिक्षण को और मजबूत करने पर सहमति बनी।

बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद पर मनोनीत होने पर शुभकामनाएं दीं। वहीं द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य एवं एससीकेएमसी के प्रतिनिधि कमलेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर उनके लंबे, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए सम्मानपूर्वक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

बैठक का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि प्रबंधन और श्रमिकों के समन्वित प्रयास, आधुनिक सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जागरूक कार्य संस्कृति के माध्यम से एसईसीएल सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल की दिशा में अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

Leave a Comment