गुलाब के फूल से सम्मान, लापरवाहों पर कार्यवाही

---Advertisement---

 

एमसीबी पुलिस का अनूठा ट्रैफिक अभियान

266 वाहनों की जांच, 65 चालान, 44 हजार रुपयों का समन शुल्क वसूल, नियमों का पालन करने वालों को मिला सम्मान

 

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष यातायात अभियान लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना। अभियान की खास बात यह रही कि जहां यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का गुलाब का फूल भेंट कर सम्मान किया गया वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए चालान भी किये गये। पुलिस की इस सकारात्मक और अनुशासनात्मक पहल को आम नागरिकों ने खूब सराहा।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (आईपीएस) के निर्देश, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में 11 और 12 जुलाई को जिले के खड़गवां, केल्हारी, जनकपुर, कोटाडोल, चिरमिरी, झगराखाण्ड और पोड़ी थाना क्षेत्रों में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 266 वाहनों की जांच की गई जिनमें 198 दोपहिया, 65 चारपहिया, 10 मालवाहक और 3 अन्य वाहन शामिल थे। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 65 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए 44 हजार रुपयों का समन शुल्क वसूला गया।अधिकांश मामलों में बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखना और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया।

पुलिस ने कार्यवाही के साथ-साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, सुरक्षित गति, नशे की हालत में वाहन ना चलाने और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग से बचने की सलाह दी।

अभियान की सबसे प्रेरणादायक तस्वीर उन जिम्मेदार वाहन चालकों की रही जिन्होंने सभी यातायात नियमों का पालन किया। ऐसे नागरिकों को पुलिस ने गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया और उनके अनुशासित व्यवहार की सराहना की। इस पहल ने लोगों में सकारात्मक संदेश दिया कि नियमों का पालन करने वालों का सम्मान भी किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना या जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि लोगों का जीवन सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट कानूनी औपचारिकता नहीं बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाले सबसे प्रभावी सुरक्षा साधन हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने की अपील की। एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment