एक वर्ष पूरा होने पर राहुल गांधी एकता संगठन ऑल इंडिया की बैठक संपन्न, समाजसेवा के लिए कई अहम निर्णय

जमुना कोतमा। राहुल गांधी एकता संगठन ऑल इंडिया के गठन का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार दिनांक 10 जुलाई 2026 को जमुना कॉलोनी के पाथरखेड़ा दफाई स्थित शासकीय स्कूल के समीप संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया गया तथा नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए
बैठक में संगठन के माध्यम से समाजहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। तय किया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग, निर्धन परिवारों के विवाह में सहायता, जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। साथ ही संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक माह प्रत्यक्ष बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि प्रत्येक 15 दिन में जूम मीटिंग के माध्यम से पदाधिकारियों की बैठक लेकर सामाजिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
कार्यक्रम में गुड्डू मिश्रा (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बदरा-जमुना), संतोष चौरसिया पत्रकार गुलाब रजक पत्रकार अनिल कुमार श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार, मोहनलाल पाव, शंकर लाल यादव, आनंद राम सिंह, मुकेश नामदेव, संदीप सोनी, रामकुमार शर्मा, लालू प्रसाद नापित, पदम दास, चित्र दास, मोहम्मद इलियास, वेद प्रकाश ओझा, रवि प्रधान सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राजेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पद बांटना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक सहयोग और मानव सेवा को प्राथमिकता देते हुए संगठन लगातार जनहित के कार्य करेगा तथा सभी पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू मिश्रा ने कहा कि समाज की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। संगठन द्वारा लिए गए निर्णयों को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा और जरूरतमंद परिवारों, गरीब बच्चों तथा कमजोर वर्ग के लोगों की हरसंभव मदद करने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे। उन्होंने नियमित बैठकों के माध्यम से संगठन को और मजबूत बनाने की बात कही।



































