भाकपा जिला परिषद की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, पदयात्रा, दिल्ली रैली और जनआंदोलनों की बनाई रणनीति
रीवा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की जिला परिषद की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को मानस भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जिले, प्रदेश और देश से जुड़े सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला परिषद के सभी सदस्यों ने भाग लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।
बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सह सचिव एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य कामरेड हरिद्वार सिंह तथा जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक-15 एवं राज्य परिषद सदस्य कामरेड लालमणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शुरभी मिश्रा ने की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी आंदोलनों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई तथा 6 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रस्तावित पदयात्रा को व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। साथ ही 1 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली विशाल रैली में जिले से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में भारतीय महिला फेडरेशन द्वारा 21 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में मध्य प्रदेश को मिले 30 महिला प्रतिनिधियों के कोटे में रीवा जिले की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा 29 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में संयुक्त ट्रेड यूनियनों एवं संयुक्त किसान मोर्चा के संयुक्त कन्वेंशन में जिले के किसानों और मजदूरों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई गई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, जनसंगठनों का विस्तार करने तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने की आवश्यकता है। बैठक में विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में जिला सचिव गया प्रसाद मिश्रा, हरिश्चंद्र पांडेय, सत्यनारायण शुक्ला, रामानुज तिवारी, लालजी पांडेय, अरुणा पटेल, एडवोकेट प्रेमलाल नामदेव, मोतीलाल शुक्ला, एडवोकेट नीरज कुशवाहा, सीताराम तिवारी, पंकज नामदेव, एडवोकेट प्राची सिंह, एडवोकेट प्रिया शुक्ला सहित जिला परिषद एवं पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




































