डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा कार्यालय में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
अनूपपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला अनूपपुर द्वारा 6 जुलाई 2026, सोमवार को दोपहर 2:00 बजे जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का वृहद सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह, पूर्व मंत्री अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह, भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास पुरी, बृजेश गौतम, अनिल गुप्ता, आधाराम वैश्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान, भारतीय जनसंघ की स्थापना, संगठन के विस्तार तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए किए गए संघर्षों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए जाएंगे।
भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा प्रदान की गई।




































