श्रमिक आवासों की मरम्मत में लापरवाही का आरोप, ठेकेदार योगेश गोयंका पर कार्रवाई की मांग
भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष विजय सिंह ने महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, चेतावनी- जल्द सुधार नहीं हुआ तो होगा धरना और भूख हड़ताल

अनूपपुर। एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र में श्रमिक आवासों की मरम्मत कार्य में कथित लापरवाही और घटिया निर्माण को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के अध्यक्ष विजय सिंह ने महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर ठेकेदार योगेश गोयंका के कार्यों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लंबित मरम्मत कार्यों को तत्काल पूरा कराने की मांग भी उठाई गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र के श्रमिक आवासों में खिड़की, दरवाजे सहित अन्य मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ठेकेदार योगेश गोयंका द्वारा कई स्थानों पर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। जहां काम किया गया है, वहां गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई श्रमिकों के आवासों में अत्यंत आवश्यक मरम्मत कार्य दो से तीन माह से लंबित पड़े हैं, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय मजदूर संघ का कहना है कि इस संबंध में पहले भी स्टाफ अधिकारी (सिविल) और संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई संतोषजनक सुधार नहीं हुआ। संगठन का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद ठेकेदार की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं आया और श्रमिकों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
ज्ञापन में महाप्रबंधक से मांग की गई है कि ठेकेदार योगेश गोयंका द्वारा अब तक कराए गए सभी कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा गुणवत्ता और लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन आवासों में मरम्मत कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए।
भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष विजय सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और ठेकेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगा। आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों के हित में भूख हड़ताल जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।




































