स्वच्छ बरगवां-अमलाई की मुहिम तेज, वार्ड-6 में जनसहभागिता से चला विशेष सफाई अभियान
सीएमओ और पार्षद की पहल पर युवाओं ने किया श्रमदान, नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को लगातार गति मिल रही है। इसी क्रम में शनिवार को वार्ड क्रमांक-6 में विशेष साफ-सफाई अभियान आयोजित किया गया, जिसमें नगर परिषद प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय युवाओं ने मिलकर श्रमदान किया। अभियान के दौरान वार्ड की गलियों, सार्वजनिक स्थलों और नालियों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
मुख्य नगर परिषद अधिकारी शिवांगी सिंह बघेल के निर्देशन एवं वार्ड पार्षद सुंदर बाई विश्वकर्मा के नेतृत्व में चले इस अभियान में स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संजय शुक्ला, विनय यादव, निशांत सिंह, रोहित विश्वकर्मा सहित कई युवाओं ने सफाई कार्य में श्रमदान कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
पार्षद सुंदर बाई विश्वकर्मा ने कहा कि वार्ड की नियमित साफ-सफाई उनकी प्राथमिकता है। यदि नागरिक भी अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तो पूरे नगर को साफ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्य नगर परिषद अधिकारी शिवांगी सिंह बघेल ने बताया कि नगर परिषद द्वारा सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष सफाई दल गठित किए गए हैं। ये दल तय कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर सफाई कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जनभागीदारी की प्रक्रिया है। नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर नगर का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाने की अपेक्षा जताई। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाकर नगर को आदर्श बनाने में सहयोग दें।




































