सीसीएल के सहयोग से डकरा में केंद्रीय विद्यालय का भव्य शुभारंभ

---Advertisement---

सीसीएल के सहयोग से डकरा में केंद्रीय विद्यालय का भव्य शुभारंभ
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ व राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने किया उद्घाटन, बोले- क्षेत्र के बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

डकरा। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के एनके क्षेत्र अंतर्गत स्थापित केंद्रीय विद्यालय, डकरा का गुरुवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह में उद्घाटन किया गया। भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय की स्मारिका के विमोचन से हुआ। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया तथा दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक उद्घाटन किया। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया, जबकि एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि संजय सेठ ने कहा कि सीसीएल के सहयोग से केंद्रीय विद्यालय का खुलना केवल डकरा ही नहीं, बल्कि पूरे खलारी और मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी और यही विद्यार्थी भविष्य में झारखंड एवं देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि झारखंड की प्रतिभाओं ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह विद्यालय भी ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करेगा, जो भविष्य में राज्य और देश का गौरव बढ़ाएंगे।

सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह ने विद्यालय परिसर से अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपना बचपन इसी परिसर में बिताया है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस विद्यालय को शुरू कराने की प्रक्रिया की लगातार समीक्षा की जा रही थी। संस्था ने इस वर्ष विद्यालय प्रारंभ करने का संकल्प लिया था और आज वह संकल्प साकार हो गया। उन्होंने इसे सीसीएल परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों को आधुनिक, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डकरा का यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) शशि प्रभा हांसदा ने प्रस्तुत किया। समारोह में सीसीएल के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण, मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

सीसीएल के सहयोग से स्थापित केंद्रीय विद्यालय, डकरा के प्रारंभ होने से अब खलारी, मैक्लुस्कीगंज और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment