संविदा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने सीसीएल की पहल
ई एंड एम विभाग के एसओपी पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित, 50 अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में संविदा कार्यों की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नियमबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा सतर्कता विभाग के तत्वावधान में ई एंड एम विभाग के संविदा कार्यों से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को संविदा कार्यों के संचालन में निर्धारित प्रक्रियाओं, नवीन संशोधनों एवं सतर्कता संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देकर कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान कुल चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सतर्कता विभाग एवं ई एंड एम विभाग के विशेषज्ञ अधिकारियों ने एसओपी के विभिन्न प्रावधानों, संविदा कार्यों के निष्पादन, प्रक्रिया में पारदर्शिता, अनुशासन तथा नियमों के प्रभावी अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन न केवल कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करता है, बल्कि अनियमितताओं की संभावना को भी कम करता है।
उद्घाटन सत्र में महाप्रबंधक (सतर्कता) ए. के. सिंह, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक तथा महाप्रबंधक (ई एंड एम) सुचंद्रा सिन्हा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी सार्वजनिक उपक्रम की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से एसओपी का पूर्ण पालन करते हुए संविदा कार्यों में गुणवत्ता एवं निष्पक्षता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न इकाइयों से आए कुल 50 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों ने तकनीकी सत्रों के दौरान विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। सीसीएल प्रबंधन ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को संगठन में पारदर्शी कार्यसंस्कृति विकसित करने और संविदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


































