योग से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहा एसईसीएल परिवार, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग महोत्सव का भव्य आयोजन
योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार : हरीश दुहन

बिलासपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा एसईसीएल योग महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी बिलासपुर में किया गया। इस वर्ष की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में एसईसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष इप्सिता दास एवं हसीना कुमार सहित विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
योग सत्र का संचालन ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। इस दौरान योग के माध्यम से शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति, तनाव मुक्ति एवं भावनात्मक संतुलन प्राप्त करने के महत्व को विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में कोलकाता में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से शांत और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए स्वयं नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय के साथ-साथ कंपनी के सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी योग संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में हजारों अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता कर योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया।




































