सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को मिली मजबूती
विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का समापन, 34 पुलिसकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण
अनूपपुर। आगामी सिंहस्थ-2028 महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस लाइन अनूपपुर में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल एवं होमगार्ड के कुल 34 अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सेवा भावना, संवेदनशीलता तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिंहस्थ महापर्व से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। इसमें भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, जल बचाव, संचार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के प्रति व्यवहारिक दक्षता जैसे विषय शामिल रहे। अंतिम दिन प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्राप्त प्रशिक्षण का प्रभावी उपयोग करते हुए सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बल की कार्यकुशलता में वृद्धि होगी तथा भविष्य में बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन जैसी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।




































