पेड़ की डाल गिरने और सर्पदंश से दो मौतें, ड्यूटी डॉक्टर के नहीं पहुंचने पर अस्पताल में हंगामा

---Advertisement---

 

कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर सुविधा अग्रवाल

 

अनूपपुर। जिला चिकित्सालय अनूपपुर में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में एक युवक और एक बालक की मौत हो गई। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ताराडांड़-अगरियानार गांव की है, जहां पेड़ काटने के दौरान 48 वर्षीय गंगाराम कोल की पेड़ की भारी डाल गिरने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गंगाराम को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

 

जानकारी के अनुसार गंगाराम कोल अन्य मजदूरों के साथ खेत में छुईला का पेड़ काटने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक पेड़ की भारी डाल उसके ऊपर गिर गई, जिससे गर्दन, सीने और पैर में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

 

दूसरी घटना भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम छिल्पा की है, जहां 15 वर्षीय आशीष कोल की करैत प्रजाति के जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। बताया गया कि बालक घर में सो रहा था, तभी सांप ने उसकी उंगली में डंस लिया। परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद मृत बालक के शव का पोस्टमार्टम कराने में कई घंटे की देरी होने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। आरोप है कि ड्यूटी डॉक्टर के समय पर नहीं पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल पुलिस और चिकित्सा अधिकारियों द्वारा लगातार संपर्क किए जाने के बावजूद डॉक्टर उपलब्ध नहीं हो सके।

 

मामले की जानकारी मिलने पर मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजातीय आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल एवं अपर कलेक्टर कमलेश पुरी को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.सी. राय ने स्वयं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई तथा शासकीय शव वाहन उपलब्ध कराकर मृत बालक के शव को उसके गृहग्राम भेजने की व्यवस्था कराई।

 

दोनों मामलों में अस्पताल पुलिस ने मर्ग कायम कर संबंधित थानों को अग्रिम जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना प्रेषित कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने जिला अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

Leave a Comment