विश्व पर्यावरण दिवस पर श्रद्धा महिला मंडल का हरित संकल्प

---Advertisement---

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर श्रद्धा महिला मंडल का हरित संकल्प

मानसून में 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और स्वच्छ वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। उत्साह, उमंग और पर्यावरण संरक्षण के दृढ़ संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महिला मंडल की पदाधिकारियों, सदस्याओं एवं एसईसीएल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ 4 जून को वसंत क्लब परिसर में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की उपाध्यक्षों एवं अन्य सदस्याओं ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान परिसर को हरित बनाने तथा लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का संदेश दिया गया।

वृक्षारोपण अभियान के साथ-साथ उपस्थित सदस्यों एवं कर्मचारियों को फलदार पौधों का वितरण किया गया ताकि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। इसके अलावा पर्यावरण अनुकूल जूट के थैले भी वितरित किए गए, जिससे प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और सतत जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

अपने संबोधन में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं।

उन्होंने श्रद्धा महिला मंडल की सभी क्षेत्रों में संचालित समितियों को आगामी मानसून सत्र के दौरान कम से कम 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेगा, तभी पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को वास्तविक सफलता मिलेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली, स्वच्छता एवं जैव विविधता के संरक्षण का व्यापक संदेश दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान न केवल प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक बना, बल्कि समाज को हरित एवं सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रेरणादायी प्रयास भी साबित हुआ। श्रद्धा महिला मंडल द्वारा लिया गया 1000 पौधों के रोपण का संकल्प आने वाले दिनों में क्षेत्र को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment