अनूपपुर 04 जून 2026/ पीएमसीओई शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में “पीएम इंटर्नशिप योजना 2026” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) की विस्तृत जानकारी देना तथा उन्हें उद्योग जगत की व्यावहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार होने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में प्रो. विनोद कुमार कोल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योजना के उद्देश्यों, दूरगामी लाभों और इसके माध्यम से मिलने वाले रोजगारोन्मुखी अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह योजना किताबी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल के बीच के अंतर को भरने का एक बेहतरीन माध्यम है। देश की शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप करने से विद्यार्थियों का न केवल कौशल विकास (Skill Development) होगा, बल्कि भविष्य में उनके लिए रोजगार के द्वार भी खुलेंगे।
सत्र के दौरान तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. सूरज पारवानी ने छात्र-छात्राओं को PMIS पोर्टल पर लाइव रजिस्ट्रेशन की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन करते समय रखी जाने वाली सावधानियों, आवश्यक दस्तावेजों और प्रोफाइल को प्रभावी बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. बृजेंद्र सिंह, प्रो. शहबाज खान, डॉ. तरन्नुम सरवत एवं श्री गंगेश कुमार सहित समस्त शैक्षणिक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


































