प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, पोखरी डैम में बोरी बांधकर फेंका गया युवक का शव

---Advertisement---

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, पोखरी डैम में बोरी बांधकर फेंका गया युवक का शव

भालूमाड़ा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में पोखरी डैम से युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग से नाराज युवती के परिजनों और उनके सहयोगियों ने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। शव को ठिकाने लगाने के लिए कमर में रेत से भरी बोरी बांधकर पोखरी डैम में फेंक दिया गया था। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 2 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि ओसीएम छोहरी स्थित पोखरी डैम में एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान ग्राम छोहरी निवासी 18 वर्षीय सनि उर्फ मोटू सहीस के रूप में की। शव की स्थिति संदिग्ध थी तथा कमर में रस्सी से रेत भरी बोरी बंधी हुई थी। मृतक के पिता रंजू सहीस की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ सिंह मरकाम तथा एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक का उनकी सगी भांजी से पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कई बार समझाने के बावजूद युवक संबंध समाप्त करने को तैयार नहीं था।

आरोपियों ने 29 मई की रात सनि सहीस को मोटरसाइकिल से ग्राम छोहरी की बड़ी पुलिया के पास बुलाया। वहां रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल में लादकर ओसीएम के पोखरी डैम में ले जाया गया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से कमर में रेत भरी बोरी बांधकर पानी में फेंक दिया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हत्या में इस्तेमाल रस्सी तथा मृतक का मोबाइल और दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

मामले के खुलासे में थाना प्रभारी भालूमाड़ा निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में डी.एस. बागरी, चन्द्रहास बांधेकर, कमलेश शुक्ला, ईश्वर यादव, कृपाल सिंह, चक्रधर तिवारी, देवेन्द्र तिवारी, प्रदीप यादव, दिनेश किराडे, ज्योति मालवीय तथा साइबर सेल के राजेन्द्र अहिरवार और पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment