पुलिस ने 30 मिनट में सुलझाया मामला
बैकुण्ठपुर। सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का कोरिया पुलिस ने महज 30 मिनट के भीतर पर्दाफाश कर दिया। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची दो महिलाओं ने सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के आगे उनकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गये सभी आभूषण बरामद कर लिया हैं।
घटना 28 मई की है जब बैकुण्ठपुर के सराफा बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में दो महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। खरीदारी का दिखावा करते हुए उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और करीब 62 हजार रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के नेतृत्व में थाना बैकुण्ठपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल जांच शुरू की। स्वयं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंची और जांच की कमान संभाली। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपियों की पहचान कर उनका पता लगा लिया।
पुलिस ने दबिश देकर दोनों महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर लिया जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी गये सभी आभूषण बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशबू सोनवानी (19 वर्ष) और सुनीता सोनवानी (35 वर्ष) निवासी केनापारा जिला कोरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बैकुण्ठपुर में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। चोरी की घटना का इतनी तेजी से खुलासा और शत-प्रतिशत माल की बरामदगी कोरिया पुलिस की सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है। इस कार्यवाही से सराफा कारोबारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।





































