अनूपपुर 29 मई 2026/ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के उपचार हेतु जिला अनूपपुर द्वारा विशेष पहल करते हुए चिन्हित 5 बच्चों को निःशुल्क ईको जांच एवं आवश्यक सर्जरी के लिए भोपाल रेफर किया गया।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी एवं जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.सी. राय के मार्गदर्शन में यह कार्यवाही संपन्न हुई। डीआईओ डॉ. मोहन सिंह श्याम एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र खेस के नेतृत्व में चिन्हित बच्चें साक्षी, दिव्यांशी, आयुष, संध्या एवं प्रियंका को उपचार हेतु चिरायु हेल्थ एंड मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड, भोपाल भेजा गया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात एवं अन्य गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में संभावित हृदय रोग से प्रभावित बच्चों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
उक्त कार्य में डीईआईएम डॉ. एस.एन. पिटानिया द्वारा समन्वय किया गया। साथ ही टीम के अन्य सदस्यों डॉ. प्रीति जैन, डॉ. कृष्णप्रताप सिंह, डॉ. आशीष कुमार शिवहरे, डॉ. अजय कुमार मंडल, डॉ. राज बहोर साहू तथा वाहन चालक श्री सोनू पनिका एवं श्री अल्लू पाठक का सराहनीय सहयोग रहा।




































