रेलवे पुलिया के पास पुलिस की घेराबंदी, स्कूटी से पकड़ी गई अवैध शराब
50 पाव अंग्रेजी व्हिस्की के साथ युवक गिरफ्तार, बिना नंबर प्लेट वाहन भी जप्त
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर कृष्णा वस्त्रकर
एमसीबी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी कर स्कूटी से अवैध अंग्रेजी शराब ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 पाव अंग्रेजी व्हिस्की बरामद की गई है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को भी जप्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर शहर की ओर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो स्कूटी में रखी गोवा कंपनी की 50 पाव अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 9 लीटर बताई गई है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस मणि प्रजापति पिता रमेश प्रजापति उम्र 25 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 06 इंटा भट्ठा दफाई थाना झगराखाण्ड जिला एमसीबी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक पुष्कल सिन्हा, आरक्षक दीप तिवारी, जितेन्द्र ठाकुर, प्रमोद यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) ने कहा कि जिले में अवैध कारोबार एवं अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।






































