टीआईएफआर के प्रतिष्ठित विज्ञान विदुषी कार्यक्रम में चयनित हुईं रितिसना रानी साहू
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग ने फिर बढ़ाया गौरव, छात्रों की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता
अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) अमरकंटक के भौतिकी विभाग ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। विभाग की एमएससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा सुश्री रितिसना रानी साहू का चयन देश के प्रतिष्ठित Tata Institute of Fundamental Research (टीआईएफआर) द्वारा संचालित “विज्ञान विदुषी–भौतिकी (VV2026-Physics)” कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का माहौल है।
टीआईएफआर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देशभर की प्रतिभाशाली छात्राओं को वैज्ञानिक अनुसंधान एवं उच्च अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। सुश्री रितिसना रानी साहू का चयन उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, वैज्ञानिक सोच तथा अनुसंधान के प्रति समर्पण को दर्शाता है। यह उपलब्धि न केवल छात्रा के लिए, बल्कि विश्वविद्यालय और विशेष रूप से भौतिकी विभाग के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।
भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. शिव कुमार मिश्र ने बताया कि विभाग ने बहुत कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। विभाग के छात्र लगातार देश और विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष विभाग के दो एमएससी छात्र—श्री सूरज एन एवं सुश्री भूमि वर्मा—को क्रमशः पोलैंड और मलेशिया में डॉक्टरेट अध्ययन का अवसर प्राप्त हुआ था, जो विभाग की गुणवत्ता एवं शोधपरक वातावरण को प्रमाणित करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग के कई छात्र प्रतिवर्ष Indian Institutes of Technology (आईआईटी), National Institutes of Technology (एनआईटी) तथा Department of Atomic Energy (डीएई) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पीएचडी कार्यक्रमों में चयनित हो रहे हैं। पिछले शैक्षणिक सत्र (2023-2025) की एमएससी टॉपर छात्रा सुश्री प्रियंका पटेल का चयन भी NIT रायपुर में पीएचडी कार्यक्रम के लिए हुआ है।
विश्वविद्यालय प्रशासन एवं भौतिकी विभाग के समस्त शिक्षकों ने सुश्री रितिसना रानी साहू को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विश्वविद्यालय परिवार का मानना है कि इस प्रकार की उपलब्धियां न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाती हैं, बल्कि नवीन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और उत्साह का भी स्रोत बनती हैं।
शिक्षकों का कहना है कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और मार्गदर्शन के कारण छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आने वाले समय में भी विश्वविद्यालय इसी प्रकार नई उपलब्धियों के साथ शिक्षा जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखेगा।





































