एमसीबी। भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ की जिला कार्यकारिणी का गठन कर संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने की पहल की गई है। नई टीम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने पर विशेष फोकस रखा गया है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी ने बताया कि यह कार्यकारिणी प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन और जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले की सहमति से गठित की गई है। जिला संयोजक डॉ. अंशुमान चौधरी द्वारा जारी सूची में अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार डॉ. अंशुमान चौधरी को जिला संयोजक बनाया गया है जबकि डॉ. सौरभ सिंह और अनुप उपाध्याय को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वित्तीय प्रबंधन के लिये डॉ. निशांत श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष और डॉ. श्याम सुंदर तिवारी को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है वहीं कार्यालय संचालन की जिम्मेदारी डॉ. राम अयोध्या सिंह और डॉ. शंकर कुमार विश्वास को सौंपी गई है। सोशल मीडिया के क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने के लिये डॉ. दीक्षा सिंह को प्रभारी और श्रीमती नीलम गुप्ता को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. आर.के. बोस, डॉ. आर.एस. ओझा, डॉ. मंतु दास, डॉ. परशराम दास, डॉ. विदेही विशाल, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. मनीष करोलिया, गौरव कुमार शाह और रवि चक्रवर्ती को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
नवनियुक्त जिला संयोजक डॉ. अंशुमान चौधरी ने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ केवल संगठनात्मक इकाई नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित बैठकें आयोजित करने, गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं समझने और भाजपा की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि संगठन की मजबूती ही आगामी चुनावों में सफलता का आधार बनेगी।
इस दौरान जिला महामंत्री आशीष मजूमदार और कार्यालय प्रभारी रमेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनसे सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई गई।


















































