पौराधार में गूंजा राष्ट्रीय खेल उत्सव: ऑल इंडिया वॉलीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट का भव्य समापन, हरियाणा (पुरुष) और उत्तराखंड (महिला) बने चैंपियन

---Advertisement---

पौराधार में गूंजा राष्ट्रीय खेल उत्सव: ऑल इंडिया वॉलीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट का भव्य समापन, हरियाणा (पुरुष) और उत्तराखंड (महिला) बने चैंपियन

राजनगर/अनूपपुर
पौराधार वॉलीबॉल ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय ऑल इंडिया वॉलीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट का समापन 15 अप्रैल को बेहद उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। फाइनल मुकाबलों में देशभर से आई टीमों के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला, जहां पुरुष वर्ग में हरियाणा की टीम ने राजस्थान को 3-1 से हराया, वहीं महिला वर्ग में उत्तराखंड की टीम ने रायपुर को 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया

समापन समारोह की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पण, दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई। कार्यक्रम में एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के महाप्रबंधक मनोज विश्वनोई, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, नगर परिषद अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया, श्रद्धा महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बाला बिश्नोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे

आयोजक संस्था फ्रेंड्स यूनियन क्लब पौराधार द्वारा सभी अतिथियों का तिलक, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। यह आयोजन फ्रेंड्स यूनियन क्लब के तत्वावधान में नगर परिषद डूमरकछार एवं संधान ट्रस्ट के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें कुल 10 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जबलपुर, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, छत्तीसगढ़, कोलकाता और नागपुर की टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया

मुख्य अतिथि मनोज विश्वनोई ने अपने संबोधन में कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इतने बड़े राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का सफल संचालन सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।

डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं डॉ. सुनील कुमार चौरसिया ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन में एरिया अध्यक्ष एचएमएस सत्यदेव सिंह सहित कई श्रमिक नेता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेलप्रेमी एवं मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन अनुप सिंह, श्री केवट, कमलेश त्रिपाठी एवं अखिलेश सिंह परिहार ने किया, जबकि अंत में आलोक मित्रा (केस्टो) द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

April 16, 2026

Leave a Comment