अनूपपुर 15 अप्रैल, 2026/ अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता (संचा./संधा.) अनूपपुर के निर्देशानुसार जैतहरी वितरण केंद्र के अंतर्गत विद्युत के अवैध उपयोग के विरुद्ध विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य विद्युत चोरी को रोकना और राजस्व की क्षति को कम करना था।
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने जैतहरी के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 155 परिसरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 30 परिसरों में विद्युत उपयोग संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। जिस पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक दण्डात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही की गई।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध विद्युत का उपयोग न केवल एक कानूनी अपराध है, बल्कि इससे पूरी विद्युत वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
विभाग द्वारा कहा गया है कि इस प्रकार के सघन जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। सभी उपभोक्ताओं से अपील है कि वे नियमों का पालन करते हुए वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्वयं उपभोक्ता की होगी।


























