मनेन्द्रगढ़। सेवा ही संगठन के मूल मंत्र को साकार करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा मनेन्द्रगढ़ मंडल द्वारा भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस और डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर 220 बिस्तर अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन समाज सेवा, मानवता और संगठनात्मक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, सह प्रभारी रबिंद्र भारती, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा सहित अनेक जिला और मंडल पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता और युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सेवा भाव को प्राथमिकता दी।
शिविर के दौरान कुल 35 यूनिट रक्तदान के लिये पंजीयन किया गया जिसमें से 8 से 12 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव जीवन बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजन स्थल पर रक्तदाताओं के लिये आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था की गई थी जिससे रक्तदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।
वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि रक्तदान महादान है। जो ना केवल किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाता है बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर इस प्रकार का सेवा कार्य उनके विचारों समानता, मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी को सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके इस अमूल्य योगदान की सराहना की गई। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

















