चिरमिरी। एमसीबी जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से चलाये जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय दिया है। पुलिस ने चोरी की एक घटना का महज कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के पर्यवेक्षण तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) श्रीमती दीपिका मिंज के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई है। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए इस मामले को सुलझाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को आजादनगर निवासी प्रार्थी भगवान दास ने अपने सूने मकान से एलईडी टीवी कीमत लगभग 20,000 रुपये चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही सुमित सोनवान उम्र 24 वर्ष निवासी एकता नगर गोदरीपारा को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गया एलईडी टीवी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्यवाही कर रही है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, भगत सिंह, चन्द्रसेन राजपूत एवं मदन रजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















