अनूपपुर। थाना करनपठार पुलिस ने लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार मामले में पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 221/25 दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर गाडासराई ले जाकर दुष्कर्म किया। इस पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 64(2)(m), 137(2) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान आरोपी लखन साहू निवासी ग्राम समनापुर, जिला डिंडोरी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। साइबर सेल की मदद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तेलंगाना राज्य में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया गया और न्यायालय राजेंद्रग्राम में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरकरे के नेतृत्व में धनेश्वर पटेल, राजेंद्र पड़वार, मनोज, राजेंद्र अहिरवार तथा पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











