अवैध उगाही और मारपीट के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

---Advertisement---

अवैध उगाही और मारपीट के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

अनूपपुर। अवैध उगाही के लिए गुण्डागर्दी और मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे फरियादी अभिजीत सिंह निवासी अनूपपुर के साथ अनीश पटेल, शिब्बू पटेल, मुकेश पटेल और गंगाराम पटेल द्वारा अवैध उगाही को लेकर गुण्डागर्दी करते हुए मारपीट की गई थी। इस मामले में थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 176/26 के तहत धारा 119(1), 296बी, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

इसी दिन रात करीब 11:30 बजे अमित कुमार शुक्ला पिता राकेश शुक्ला, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 14 बस्ती रोड चेतना नगर अनूपपुर के साथ भी उक्त आरोपियों द्वारा अवैध उगाही के लिए मारपीट और धमकी देने की घटना सामने आई। इस मामले में थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 175/26 के तहत धारा 119(1), 296बी, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

कोतवाली टीआई अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक राजकुमार साहू और आरक्षक अमित मरावी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिब्बू पटेल और मुकेश पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।

घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी अनीश पटेल पिता मस्तराम पटेल उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पिपरिया तथा गंगाराम पटेल पिता सीताराम पटेल उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम दमना ने 1 अप्रैल 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इन आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment