अनूपपुर 29 मार्च 2026/ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमता वर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शनिवार को शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में किया गया।
यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के आदेशानुसार एवं अपर कलेक्टर श्री दिलीप पांडे के मार्गदर्शन में जिला सेनानी होमगार्ड, अनूपपुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राशी अग्रवाल द्वारा प्राचार्य श्री अनिल कुमार सक्सेना की उपस्थिति में किया गया।
कार्यशाला के दौरान प्लाटून कमांडर रामनरेश भवेदी (होमगार्ड) द्वारा भूकंप के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसमें भूकंप पूर्व तैयारी, अनूपपुर जिले के भूकंप जोन के आधार पर भूकंपरोधी भवन निर्माण, भूकंप के दौरान बचाव के उपाय तथा भूकंप के बाद खोज एवं बचाव कार्य की तकनीकों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही SDERF टीम द्वारा मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं का प्रदर्शन किया गया।
जिला चिकित्सालय अनूपपुर के डॉ. राजकुमार द्वारा सीपीआर (CPR) की विस्तृत जानकारी एवं मॉक ड्रिल प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त आपदा उपकरणों के उपयोग एवं सर्पदंश (स्नेक बाइट) से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शासकीय तुलसी महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, पीआरटी नर्सिंग महाविद्यालय, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, रीवा पैरामेडिकल महाविद्यालय तथा आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।















