जन अभियान परिषद द्वारा नवांकुर संस्थाओं की समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण संपन्न

---Advertisement---

अनूपपुर 26 मार्च 2026/ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला अनूपपुर के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला कार्यालय में ‘संवाद योजना’ के अंतर्गत नवांकुर संस्थाओं की एक दिवसीय जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं सीएम जन सेवा मित्र (इंटर्न्स) ने सहभागिता की।

 

बैठक में संभाग समन्वयक (शहडोल) श्री भीम सिंह डामोर ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जल-गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, सामाजिक सशक्तिकरण के अंतर्गत प्रस्फुटन प्रशिक्षण, संस्कार केंद्र, जन सूचना केंद्र एवं प्याऊ संचालन की प्रगति पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान एवं सेक्टर स्तरीय बैठकों की नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संस्थाओं से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आव्हान किया।

 

कार्यशाला में उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री दुर्गेश श्याम ने प्रतिभागियों को नर्सरी प्रबंधन से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने मिट्टी परीक्षण, बीज चयन, पॉलीथिन बैग का उपयोग, आधुनिक सिंचाई तकनीक एवं मौसमानुकूल पौध उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। साथ ही वैज्ञानिक पद्धति से पौधरोपण के लाभों को भी समझाया गया, जिससे गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।

 

जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश कुमार पाण्डेय ने जिले में किए गए कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया। कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को उद्यानिकी विभाग की नर्सरी का भ्रमण कराया गया, जहां विशेषज्ञों द्वारा नर्सरी निर्माण की प्रायोगिक जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने नर्सरी प्रबंधन की बारीकियों को प्रत्यक्ष रूप से समझा और सीखा।

 

बैठक में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री फते सिंह मार्काे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

April 1, 2026

Leave a Comment